
नेपाल,भारत सिमा संवाददाता जीत बहादुर चौधरी का रिपोर्ट
15/05/2025
काठमाण्डौ,नेपाल – भारत सरकार ने चीन के सरकारी अख़बार द ग्लोबल टाइम्स और समाचार एजेंसी शिन्हुआ के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) के अकाउंट को ब्लॉक कर दिया है।
सुत्रो के अनुसार, इन मीडिया संस्थानों द्वारा पाकिस्तानी प्रचार और भ्रामक सूचनाएं फैलाने के आरोप में बुधवार को इनके एक्स अकाउंट ब्लॉक किए गए।
भारत सरकार की सिफारिश पर एक्स ने तुर्की के टीआरटी वर्ल्ड का अकाउंट भी ब्लॉक किया है। इन दोनों देशों ने भारत-पाकिस्तान तनाव के मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन किया था। वहीं पाकिस्तान लंबे समय से चीन से हथियार खरीदता रहा है।
भारत ने पिछले सप्ताह भी सैकड़ों सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक किया था। भारत के ऑनलाइन पोर्टल द वायर का एक समाचार विवादास्पद होने के कारण ब्लॉक किया गया था, हालांकि अब उस पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया है।
प्रेस स्वतंत्रता के पक्षधर समूहों ने भारत सरकार के इस कदम का विरोध किया है। वहीं चीन में पहले से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
भारत और पाकिस्तान ने हालिया तनाव को लेकर अलग-अलग सूचनाएं सार्वजनिक की थीं। बीते हफ्ते ग्लोबल टाइम्स ने रिपोर्ट किया था कि “पाकिस्तान ने एक भारतीय लड़ाकू विमान को गिराया है।” इस रिपोर्ट को गलत जानकारी बताते हुए बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने खंडन किया था।
दुनिया की सबसे अधिक जनसंख्या वाले देशों में शामिल भारत और चीन के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध हैं।
भारत-चीन सीमा पर समय-समय पर विवाद और सैन्य झड़पें होती रहती हैं। वर्ष 2020 में दोनों देशों की सेनाओं के बीच हुई झड़प में कुछ सैन्य अधिकारी मारे गए थे।



