
सीमा संवाददाता जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
09/07/2025
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नेपाली शराब की एक बड़ी खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को नौतनवा थाना क्षेत्र के डण्डा नदी पुल के पास पुलिस चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इस दौरान चौकी प्रभारी नौतनवा छोटेलाल, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल रविप्रताप कुशवाहा, कांस्टेबल मनीष गौड़ और कांस्टेबल लक्ष्मीशंकर यादव संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ले रहे थे।
इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देख कर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक की पहचान अरमान उर्फ सोनू पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी वार्ड नंबर 8, मधुबन नगर, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई।
पुलिस ने युवक के कब्जे से 180 शीशी अवैध नेपाली शराब (लगभग 60 लीटर) बरामद की।
थानाध्यक्ष नौतनवा पुरुषोत्तम राव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



