रतन गुप्ता उप संपादक———-महराजगंज। महाव नाले पर उच्च जलस्तर के कारण उत्पन्न ओवरटॉपिंग की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिंचाई विभाग द्वितीय ने कार्रवाई की है। 22 अगस्त को नाले का जलस्तर अब तक के सर्वाधिक 13 फीट तक पहुंच गया था, जो पिछले उच्चतम स्तर से लगभग एक फीट अधिक था। इस स्थिति में ग्राम देवघट्टी हरखपुरा में ओवरटॉपिंग की घटना हुई, जिसे दुरुस्त करा लिया गया है। इस मामले में दो अभियंताओं का स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके स्थान पर नए अवर अभियंताओं की तैनाती की गई है।जानकारी के अनुसार, इस घटना के बाद, 23 अगस्त को नौतनवा के विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कटाव स्थल का निरीक्षण किया और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। उनके निर्देश के अनुपालन में सिंचाई विभाग द्वितीय के अधिशासी अभियंता राजीव कपिल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस स्थल पर तैनात अवर अभियंताओं विवेक कुमार शुक्ला और विवेक कुमार भारद्वाज को हटा दिया। दोनों को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। उनकी जगह नए अवर अभियंता अमित कुमार, शशांक पांडेय और वसीम अहमद को तैनात किया गया है।एक्सईएन राजीव कपिल ने बताया कि ठेकेदार की ओर से कराए गए लगभग 30 लाख रुपये के कार्यों का भुगतान रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि महाव नाले पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सिंचाई विभाग और प्रशासन मिलकर सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। उधर, नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बताया कि बंधों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।
महाव से दो अवर अभियंताओं को हटाया गया, ठेकेदार का भुगतान रोका
RELATED ARTICLES



