सह संपादक डॉ. योगेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्ट

परतावल (महराजगंज)। विकास खंड परतावल के ग्राम सभा धरमौली टोला डुमरी में विकास कार्यों की सच्चाई अब खुलकर सामने आने लगी है। गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। नालियां जाम हैं और जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि अब तो पंचायती कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन सफाईकर्मी का कभी अता-पता नहीं रहा। लोगों ने बताया कि शायद ही किसी ने सफाईकर्मी को गांव में काम करते देखा हो।
गांव में लगे सरकारी हैंडपंपों की स्थिति भी बेहद खराब है। कई हैंडपंपों से पानी नहीं निकलता, वे भी कूड़े-कचरे और नरकट से घिरे पड़े हैं। इस कारण ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रमाशंकर भारतीय, मुकेश वर्मा, शंभू राजभर, अमित मौर्या, निखिल राजभर और अमित राजभर ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग मौन है। गांव की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन कोई देखने वाला नहीं।
इस संबंध में विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) परतावल संतोष कुमार यादव ने कहा —
ग्राम धरमौली टोला डुमरी में सफाई व्यवस्था और हैंडपंपों की स्थिति की जानकारी मिली है। संबंधित सचिव और सफाईकर्मी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को जल्द ही सुधार दिखेगा।”
क्राइम मुखबिर न्यूज़ – अपराध की तह तक !



