
दुष्यंत सिंह
रायबरेली। बीते दिवस सदर तहसील क्षेत्र के विकासखंड हरचंदपुर के पैडेपुर गांव में कोऑपरेटिव बैंक के डायरेक्टर एवं वर्तमान हरचंदपुर प्रथम से जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र की नहरों में पानी आने एवं उनकी सफाई न होने पर किसानों की समस्या को लेकर किये गए विशाल धरना प्रदर्शन के 24 घंटे के अंदर ही नहरों की सफाई का कार्य शुरू हो गया है। धरना प्रदर्शन की अगले दिन शुक्रवार सुबह क्षेत्र की प्रमुख नहर राजामऊ रजबहा के चारों छोरो पर जेसीबी मशीनों के द्वारा सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया। इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को किसानों की समस्या को लेकर सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत हरचंदपुर विकासखंड क्षेत्र के पहले पैडेपुर गांव में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किसानों की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए विशाल धरना प्रदर्शन किया गया था ।मौके से जिलाधिकारी रायबरेली को उक्त समस्या के संबंध में दूरभाष के माध्यम से सूचित किया गया था। जिसके पश्चात उन्होंने सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर भेज कर उक्त समस्या के निराकरण करने का आश्वासन दिया था। जिसके पश्चात शुक्रवार को सभी किसानों के अथक प्रयासों से क्षेत्र की नहरों की सफाई शुरू हो गई है। अब जल्द ही किसानों को धान की फसल रोपाई के पूर्व ही नहरों से पानी मिलने लगेगा क्योंकि क्षेत्र के अंदर से बहने वाले राजामऊ रजबहा के ऊपर लाखों किसानों की खेती आश्रित है।



